महाशिवरात्रि आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्ममंथन का पर्व है : शिव की आराधना समाज में समरसता का संदेश देती है -धामी
खटीमा स्थित वनखंडी महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि मेला प्रारंभ, सीएम धामी ने किया उद्घाटन
खटीमा (ऊधम सिंह नगर)- देवभूमि उत्तराखंड में महाशिवरात्रि का पर्व आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। चकरपुर स्थित ऐतिहासिक वनखंडी महादेव मंदिर में आयोजित वार्षिक मेले का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजा-अर्चना और फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसके प्राचीन देवस्थानों से है। यहां के मंदिर न केवल श्रद्धा के केंद्र हैं, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक भी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थ स्थलों के संरक्षण और सुनियोजित विकास के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित हों।उन्होंने महाशिवरात्रि को आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्ममंथन का पर्व बताते हुए कहा कि भगवान शिव की आराधना समाज में सकारात्मकता और समरसता का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री धामी ने वनखंडी महादेव मंदिर को क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है, जिसके अनुरूप बुनियादी ढांचे को और मजबूत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने मंदिर में जलाभिषेक कर राज्य की सुख-समृद्धि और विकास के लिए प्रार्थना की। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया। मेले में भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर किया।
मंदिर क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने पार्किंग व्यवस्था के विस्तार, पेयजल व स्वच्छता सुविधाओं की मजबूती, श्रद्धालुओं के लिए विश्राम शेड निर्माण, सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण तथा सुरक्षा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य करने की घोषणा की। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment